Anp News ऑपरेशन ‘नार्कोस’ में आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, रेलवे यार्ड से 3.156 किलो गांजा बरामद

Anp News Live Nagpur दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन ‘नार्कोस’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नैनपुर रेलवे यार्ड से 3.156 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 1 लाख 57 हजार 800 रुपये बताई गई है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

आरपीएफ के अनुसार, मंडल सुरक्षा आयुक्त चेतन दिलीपराव जिचकार के निर्देशन में रेलवे के माध्यम से मादक पदार्थों, शराब और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

स्टेबल कोच के नीचे मिला संदिग्ध बैग

24 जून की शाम नैनपुर रेलवे यार्ड में खड़े स्टेबल कोचों की जांच के दौरान आरपीएफ टीम को एक SPARME वैन के नीचे रेलवे पटरी पर काले रंग का लावारिस पिट्ठू बैग मिला। बैग की चेन आधी खुली हुई थी, जिसमें खाकी टेप से लिपटा एक संदिग्ध पैकेट दिखाई दिया। जांच करने पर पैकेट से 3.156 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

आरपीएफ ने नियमानुसार गांजा जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और आगे की जांच के लिए मामला जीआरपी नैनपुर को सौंप दिया। अज्ञात आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।

आरपीएफ की आमजन से अपील

रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की है कि रेलवे स्टेशन, स्टेशन परिसर या रेलगाड़ियों में कोई भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या लावारिस सामान दिखाई देने पर इसकी सूचना तत्काल निकटतम आरपीएफ पोस्ट, रेलवे कर्मचारी, टीटीई या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दें। अधिकारियों ने कहा कि आमजन की सतर्कता मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Related Post