शीतलहर से बचाव हेतु एडवाइजरी जारी
प्रतापगढ़, 9 जनवरी। जिले में शीतलहर के संभावित प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आमजन की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियों को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है।
शीतलहर से पूर्व बरतें ये सावधानियां
जिला कलक्टर ने बताया कि शीतलहर से पहले सर्दियों के कपड़े पर्याप्त मात्रा में रखें। कपड़ों की कई परतें पहनना भी लाभदायक रहता है। आपातकालीन आपूर्तियों के लिए सभी आवश्यक सामान तैयार रखें। शीतदंश के लक्षणों जैसे उंगलियों, पैर की उंगलियों, कानों की लोब और नाक की नोक पर सुन्नता, सफेदी या पीलेपन के प्रति सजग रहें। शीतदंश से प्रभावित हिस्से की मालिश न करें, इससे अधिक नुकसान हो सकता है। प्रभावित हिस्सों को गुनगुने पानी में डालें। कंपकंपी को नजरअंदाज न करें, यह शरीर से गर्मी के तेजी से निकलने का संकेत है। कंपकंपी महसूस होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान या घर लौटें।
शीतलहर के दौरान अपनाएं सुरक्षित व्यवहार
जिला कलक्टर ने बताया कि जितना संभव हो, घर के अंदर ही रहें। ठंडी हवा से बचाव के लिए अनावश्यक यात्रा से बचें। शरीर को सूखा रखें तथा यदि कपड़े गीले हो जाएं तो तुरंत बदलें, ताकि शरीर की उष्मा बनी रहे। मौसम की ताजा जानकारी के लिए रेडियो, टीवी और समाचार पत्रों के माध्यम से अपडेट रहें। नियमित रूप से गर्म पेय का सेवन करें। विशेष रूप से बुजुर्गों और बच्चों का अतिरिक्त ध्यान रखें।
हाइपोथर्मिया की स्थिति में तत्काल करें ये उपाय
उन्होंने बताया कि हाइपोथर्मिया की स्थिति में व्यक्ति को तुरंत गर्म स्थान पर ले जाएं और उसके गीले कपड़े बदलें। सूखे कंबल, कपड़े, तौलिये या चादरों से शरीर को गर्मी प्रदान करें। शरीर का तापमान बढ़ाने के लिए गर्म पेय दें, लेकिन मादक पेय न दें। यथाशीघ्र व्यक्ति को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएं।
--------
