कोंडागांव में गणेश उत्सव व आगामी त्योहारों को लेकर प्रशासनिक बैठक आयोजित, डीजे संचालन को लेकर दिए गए सख्त निर्देश

कोंडागांव, 25 अगस्त 2025: शहर में आगामी गणेश उत्सव सहित अन्य पर्व-त्योहारों के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दोपहर 12 बजे SDM कार्यालय कोंडागांव में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के सभी गणेश उत्सव समितियों एवं डीजे संचालकों की उपस्थिति रही।

 

यह बैठक श्रीमान पुलिस अधीक्षक कोंडागांव एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में, SDM कोंडागांव, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार कोंडागांव तथा थाना प्रभारी कोंडागांव के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

 

बैठक में अधिकारियों ने उपस्थित सभी आयोजकों एवं डीजे संचालकों को माननीय उच्चतम न्यायालय एवं उच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान उच्च ध्वनि में डीजे नहीं बजाया जाएगा तथा निर्धारित समय सीमा के बाद डीजे का संचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।

 

प्रशासन द्वारा दिए गए मुख्य निर्देश इस प्रकार हैं:

 

1. निर्धारित समयावधि के बाद डीजे का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।

2. ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण मानकों का पालन सभी के लिए अनिवार्य होगा।

3. नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

4. आयोजक व डीजे संचालक यह सुनिश्चित करें कि कानून व्यवस्था व शांति व्यवस्था भंग न हो।

5. किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या विवाद की स्थिति में पूरी जिम्मेदारी आयोजकों व संचालकों की होगी।

6. अत्यधिक लाउड स्पीकर, सड़कों पर डीजे गाड़ियां खड़ी कर भीड़ इकट्ठा करने पर कार्रवाई की जाएगी।

7. डीजे बजाने से पूर्व प्रशासनिक अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

 

बैठक में शामिल सभी गणेश उत्सव समिति एवं डीजे संचालकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।

 

प्रशासन की इस पहल को शहरवासियों ने सराहा है और उम्मीद जताई है कि इस बार के त्योहार शांतिपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न होंगे।

Related Post