शादी का झांसा देकर 5 साल तक यौन शोषण करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोंडागांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई

कोंडागांव, 12 मई 2026 | महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर लगाम कसने के लिए कोंडागांव पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में, शादी का प्रलोभन देकर युवती का यौन शोषण करने वाले एक आरोपी को कोंडागांव पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के महज कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 11 मई 2026 को थाना कोंडागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि ग्राम चिपावंड निवासी जयनाथ कोर्राम (23 वर्ष) के साथ उसका साल 2021 से प्रेम संबंध था। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता को शादी का झांसा दिया और लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

यह सिलसिला साल 2025 तक चलता रहा। जब भी पीड़िता शादी का दबाव बनाती, आरोपी टाल-मटोल कर देता था। अंततः 5 साल तक शोषण करने के बाद आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए थाने में मामला दर्ज कराया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी श्री रूपेश कुमार के पर्यवेक्षण में एक विशेष टीम गठित की गई। उप निरीक्षक अखिलेश धीवर के नेतृत्व में टीम ने दबिश देकर आरोपी जयनाथ कोर्राम को चंद घंटों में ही धर दबोचा।

 गिरफ्तार आरोपी: जयनाथ कोर्राम (पिता पूरण कोर्राम), उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम चिपावंड।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।

इस त्वरित कार्रवाई में उप निरीक्षक राजीव गोटा, अखिलेश धीवर, सहायक उप निरीक्षक कांति यादव, महिला आरक्षक सोना मरकाम, श्यामा नाग, आरक्षक बुधराम कोर्राम, प्रभु राम नेताम और गौरव यादव का विशेष योगदान रहा।

Related Post