सरकार के 2 वर्ष पूरे होने पर जिला चिकित्सालय में 95 यूनिट रक्तदान

सरकार के 2 वर्ष पूरे होने पर जिला चिकित्सालय में 95 यूनिट रक्तदान

 

प्रतापगढ़, 15 दिसम्बर। राज्य सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को जिलेभर में सेवा सप्ताह के तहत विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में जिला मुख्यालय स्थित जिला चिकित्सालय परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसके अलावा उप जिला चिकित्सालय छोटी सादड़ी तथा शहर के निजी अस्पताल एस एल मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में भी रक्तदान शिविर लगाए गए।

 

जिला चिकित्सालय परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा एवं प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक यादव उपस्थित रहे। अधिकारियों ने रक्तदाताओं को प्रेरित करते हुए रक्तदान के महत्व की जानकारी दी और स्वैच्छिक रक्तदान को समाज के लिए आवश्यक बताया।

 

इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. जीवराज मीणा ने कहा कि रक्तदान से शरीर को किसी प्रकार की हानि नहीं होती, बल्कि इससे नए रक्त का निर्माण होता है। उन्होंने रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने पर जोर देते हुए नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।

 

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के 2 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में जिला चिकित्सालय से करीब 95 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जिसे जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है—रक्त के बदले रक्त ही जीवन रक्षक है।

 

Related Post