15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान (4 से 18 नवम्बर)-
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर प्रदेशभर में शुरु हुआ सड़क सुरक्षा अभियान,
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित, यातायात नियमों का होगा सख्ती से पालन
- मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा की जा रही अभियान की निगरानी
प्रतापगढ़, 06 नवम्बर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राज्य में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए राज्यभर में 4 नवम्बर से 18 नवम्बर तक 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा अभियान शुरु किया गया है। प्रदेश में अभियान के तहत सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों को सख्ती से लागू करने तथा आपातकालीन सहायता प्रणाली को सुदृढ किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा गृह विभाग से समेकित रिपोर्ट प्राप्त कर सड़क सुरक्षा अभियान की सघन मॉनिटरिंग की जा रही है।
इस अभियान के सफल संचालन हेतु विभागवार जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं।
जिला स्तर पर अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से जिला सड़क सुरक्षा समिति के माध्यम से अभियान की मॉनिटरिंग की जा रही है।जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट के मीटिंग हॉल में किया गया। जिला कलेक्टर ने कहा कि अभियान के माध्यम से एनजीओ, स्वयसेवी संस्थाएँ एव स्थानीय युवाओं को जोड़े तथा हेलमेट, सीट बेल्ट, मोबाइल उपयोग निषेध, डिपर उपयोग आदि का विशेष प्रचार-प्रसार भी किया जाए। उन्होंने सड़कों की स्थिति, यातायात नियमों की पालना आदि के बारे में चर्चा की। बैठक में पुलिस विभाग, डीटीओ, श्रम विभाव और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी उपस्थित रहें।
