मिनीमाता बांगो बांध से लगातार पानी छोड़े जाने की प्रक्रिया अब नियंत्रित की जा रही है। शनिवार दोपहर तक आठ गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा था, लेकिन जलस्तर में कमी आने के बाद अब धीरे-धीरे गेट बंद किए जा रहे हैं।
कार्यपालन अभियंता धर्मेंद्र निखरा ने बताया कि पानी की आवक घटने से शाम 5:55 बजे जलस्तर 357.70 मीटर पर पहुंच गया। इस दौरान गेट संख्या 8, जो 0.5 मीटर खुला था, उसे बंद कर दिया गया। इससे बांध से छोड़े जाने वाले पानी का डिस्चार्ज 14695 क्यूसेक से घटकर 11756 क्यूसेक रह गया।
वर्तमान में गेट संख्या 4, 5, 6 और 7 खुले हैं। साथ ही, जलविद्युत संयंत्र की तीन इकाइयाँ पूरी क्षमता से संचालित हैं और लगभग 9000 क्यूसेक पानी छोड़ रही हैं। इस प्रकार, शाम 5:55 बजे तक बांध से कुल डिस्चार्ज घटकर 20756 क्यूसेक रह गया।
अधिकारियों का कहना है कि पानी की आवक में और कमी होने पर गेटों से छोड़े जाने वाले डिस्चार्ज को आवश्यकता अनुसार और कम या पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
