खरीफ सीजन में डीएपी खाद की किल्लत पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, ठेले पर निकाली खाद रैली, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

खरीफ सीजन की शुरुआत होते ही छत्तीसगढ़ में डीएपी खाद की किल्लत को लेकर कांग्रेस सड़कों पर उतर आई है। किसानों को समय पर खाद न मिलने की समस्या को उजागर करते हुए कांग्रेस ने गुरुवार को एक अनोखी रैली निकाली, जिसमें ठेले पर खाद की बोरियां लादकर विरोध दर्ज कराया गया। इस अनोखे प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान खींचा और किसानों की आवाज़ बुलंद की।

रैली कलेक्टर कार्यालय तक पहुंची, जहाँ कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को डीएपी खाद की त्वरित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन की खेती शुरू हो चुकी है और किसानों को तत्काल खाद की आवश्यकता है।

इस रैली में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिव विजय जांगिड़, पूर्व संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, शहर जिला अध्यक्ष गिरीश दुबे, ग्रामीण जिला अध्यक्ष उद्धवराम वर्मा समेत सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि सरकार की लापरवाही के कारण किसान खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।

 

Related Post