वर्ष 2022 में दर्ज दो अलग-अलग गंभीर मामलों में जांजगीर-चांपा पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग बालिकाओं को आरोपियों के कब्जे से हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, अगस्त 2022 में आरोपियों द्वारा दोनों नाबालिग बालिकाओं को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर घर से भगा ले जाया गया था। इस संबंध में थाना शिवरीनारायण में अलग-अलग अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस लगातार आरोपियों और पीड़िताओं की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया। एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार के नेतृत्व में तकनीकी साक्ष्यों और सतत प्रयासों के आधार पर एक नाबालिग बालिका को गुरुग्राम (हरियाणा) से तथा दूसरी को जगतापुर, थाना इंदरगढ़, जिला कन्नौज (उत्तर प्रदेश) से सुरक्षित बरामद किया गया।
बरामदगी के बाद आरोपियों से पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने नाबालिग बालिकाओं को शादी का झांसा देकर भगा ले जाने और उनके साथ अनाचार करने का अपराध स्वीकार किया। इसके आधार पर दोनों आरोपियों—रवि एवं महेंद्र—के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 363, 366 एवं 376(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवरीनारायण सउनि रामप्रसाद बघेल, सउनि नरेंद्र शुक्ला, आरक्षक दिनेश चौहान तथा साइबर टीम से प्रधान आरक्षक विवेक सिंह का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
