दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर की दो महिला बॉक्सर शशि चोपड़ा और लाशु यादव ने हैदराबाद (तेलंगाना) में आयोजित एलिट विमेंस सीनियर नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वजन वर्ग में रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीतकर रेलवे का नाम पूरे देश में रोशन किया है।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 27 जून से 01 जुलाई 2025 तक आयोजित की गई, जिसमें देशभर के 15 राज्यों की 200 से अधिक महिला मुक्केबाजों ने हिस्सा लिया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से खेल रहीं शशि व लाशु ने भारतीय रेलवे टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
दोनों खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, अपर महाप्रबंधक, मुख्यालय व मंडल के वरिष्ठ अधिकारीगण, रेलवे खेल संघ के पदाधिकारी, सहकर्मी खिलाड़ी व रेलवे कर्मचारी परिवार ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
रेलवे प्रशासन ने इसे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिणाम बताया है और विश्वास जताया है कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत और रेलवे का परचम लहराएंगी।
यह सफलता अन्य खिलाड़ियों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत है और यह दर्शाता है कि रेलवे में कार्यरत खिलाड़ी न केवल अपनी सेवाओं में निपुण हैं, बल्कि खेल की दुनिया में भी अग्रणी हैं।
