कोंडागांव, 11 जुलाई 2026 | जिले में जंगली मशरूम (फूटू) खाने से फूड प्वाइजनिंग का एक और मामला सामने आया है। शनिवार शाम नगर के जामकोटपारा में पुलिस लाइन में पदस्थ आसमन कोर्राम की 22 वर्षीय बेटी शांति कोर्राम और उनके छोटे भाई की 17 वर्षीय बेटी रीना कोर्राम फूटू की सब्जी खाने के बाद अचानक बीमार हो गईं। दोनों को लगातार पेट दर्द और उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद आसमन कोर्राम उन्हें तत्काल अपने निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल जिला अस्पताल में दोनों का उपचार जारी है। और चिकित्सक उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
आसमन कोर्राम ने बताया कि शाम को बस्ती में आई एक महिला से फूटू खरीदकर उनके ही द्वारा घर में रात के भोजन के लिए सब्जी बनाई गई थी। उनके ड्यूटी पर जाने के बाद दोनों लड़कियों ने वही सब्जी खाई, जिसके कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई।
गौरतलब है कि कोंडागांव जिले में एक सप्ताह के भीतर फूटू खाने से फूड प्वाइजनिंग की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 5 जुलाई को पलारी गांव में एक ही परिवार के 8 लोग फूटू खाने के बाद बीमार पड़ गए थे।
अपील: बारिश के मौसम में जंगली मशरूम (फूटू) की पहचान करना कठिन होता है। स्वास्थ्य विभाग और विशेषज्ञों की सलाह है कि बिना पूरी जानकारी और पहचान के किसी भी जंगली मशरूम का सेवन न करें, क्योंकि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है।
