कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक सम्पन्न, ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर

कोंडागांव, 15 जुलाई 2025: जिला कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना की अध्यक्षता में आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य रूप से ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन, खाद-बीज की उपलब्धता, राशन वितरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों पर चर्चा की गई।

 

कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देश दिए कि अब सभी शासकीय कार्य और फाइलें ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही निपटाई जाएं। उन्होंने कहा कि इससे कार्यों में पारदर्शिता और गति आएगी।

 

बैठक में खाद्य अधिकारी को आगामी तीन माह के लिए राशन वितरण की सटीक योजना बनाने और शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया। कलेक्टर ने आवास राशि के दुरुपयोग पर सख्त कार्यवाही की चेतावनी भी दी।

 

शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य है। लंबे समय से अनुपस्थित और अनुशासनहीन शिक्षकों पर सख्त कार्यवाही की जाए।

 

महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए एफआरएस कार्य में प्रगति लाने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की शीघ्र भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को ड्रेस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

 

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जिला अस्पताल के मरम्मत कार्य, सीट स्कैन, एक्सरे मशीन जैसे चिकित्सकीय उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया गया और निर्देश दिया गया कि सभी उपकरण कार्यशील हों और कोई भी अस्पताल निर्धारित समय से पूर्व बंद न हो।

 

कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में परिवार नियोजन के लिए विशेष काउंसलिंग करने और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग को संयुक्त रूप से कार्य करने को कहा।

 

इसके अलावा जल जीवन मिशन और कृषि विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। कृषि विभाग को खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कृषि केन्द्रों में खाद की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए गए।

 

बैठक में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post