कंपनी में कार्य के दौरान श्रमिक की तबीयत बिगड़ने से हुई मृत्यु। कंपनी प्रबंधक ने परिवार को दिया उचित मुआवजा।

 

पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-1 स्थित भागीरथ कोच एंड मेटल फैब्रिकेशन प्राइवेट लिमिटेड में बीती रात कार्य के दौरान 40 वर्षीय श्रमिक अनिल निनामा की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्राथमिक आशंका है कि उनकी मृत्यु साइलेंट हार्ट अटैक (हृदयघात) के कारण हुई। घटना बीती रात कंपनी परिसर में हुई।
मृतक अनिल निनामा पुत्र कल्याण निनामा इंदौर जिले की महू तहसील के ग्राम श्रीखंडी के निवासी थे। वे पिछले कुछ समय से कंपनी में श्रमिक के रूप में कार्यरत थे। कंपनी टाटा और आयशर मोटर्स के वाहनों की कार्गो बॉडी निर्माण का काम करती है।
घटना के समय अनिल कंपनी के अंदर एक स्टूल पर चढ़कर काम कर रहे थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे अचेत होकर गिर पड़े। कंपनी कर्मियों ने तुरंत उन्हें सहायता प्रदान की और परिजनों व पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पीथमपुर के शवगृह में पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृत्यु का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
परिवार की मांग और कंपनी का त्वरित समाधान
मृतक के परिवार तथा भारतीय आदिवासी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुरू में कंपनी गेट पर शव रखकर धरना प्रदर्शन किया और मुआवजे, परिवार के एक सदस्य को नौकरी तथा पेंशन की मांग की। थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने दोनों पक्षों के बीच समन्वय स्थापित किया।
कंपनी प्रबंधन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत वार्ता की और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा प्रदान कर दिया। इसके साथ ही परिवार की मांग पर एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन भी दिया गया। इससे परिवार संतुष्ट हुआ और धरना समाप्त कर दिया गया।
कर्मचारी कल्याण की दृष्टि से सकारात्मक पहलू
मृतक ठेकेदारी प्रणाली के तहत कार्यरत थे, लेकिन उनके सभी दस्तावेज पूर्ण थे। कंपनी के अनुसार, ईएसआई सी और पीएफ कवरेज होने के कारण परिवार को पेंशन तथा अन्य सरकारी लाभ भी मिल सकेंगे। प्रबंधन ने पूरे मामले में सहयोगात्मक रवैया अपनाया, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में शांति बनी रही।
कंपनी प्रबंधन ने श्रमिक की अचानक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है और परिवार के प्रति संवेदना जताई है।

Related Post