बालकोनगर। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा जिला स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। बालको अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत 757 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई।
अभियान का शुभारंभ बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार की उपस्थिति में बालको अस्पताल परिसर से किया गया। इस दौरान चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं पैरामेडिकल कर्मियों की टीमों ने समर्पण और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई।
बालको अस्पताल द्वारा 10 से अधिक प्रमुख स्थानों पर अस्थायी टीकाकरण शिविर लगाए गए। इनमें भदरापारा, कैलाश नगर, परसाभाठा, चेकपोस्ट, सतनाम नगर, दैहानपारा, बालको बस स्टैंड, बेलगिरी बस्ती, सेक्टर-3 दुर्गा पूजा पंडाल तथा सेक्टर-4 गैस एजेंसी शामिल रहे। इसके अलावा मोबाइल वैन के माध्यम से भी विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। आगामी दो दिनों तक ‘डोर टू डोर’ अभियान चलाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए।
अभियान के दौरान विशेष रूप से भीड़-भाड़ वाले स्थानों और बस स्टैंड पर शिविर लगाए गए, जिससे यात्रा कर रहे परिवारों के बच्चों को भी लाभ मिल सका। स्वास्थ्य कर्मियों ने अभिभावकों को पोलियो उन्मूलन के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए नियमित टीकाकरण के लिए प्रेरित किया।
बालको अस्पताल अपने कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, ठेका श्रमिकों और स्थानीय नागरिकों को निरंतर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। अस्पताल में 10 आईसीयू और 6 पीडियाट्रिक्स आईसीयू बेड उपलब्ध हैं, जहां गंभीर रोगियों का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में किया जाता है। बालको अस्पताल छत्तीसगढ़ के कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिलों के लाखों लोगों को हर वर्ष स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचा रहा है और राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूती से आगे बढ़ा रहा है।
