Anp News Live, Bilaspur बिलासपुर रेंज में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
बैठक में श्री गर्ग ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शासन द्वारा 01 मई से 10 जून तक आयोजित किए जा रहे ‘सुशासन तिहार’ के दौरान प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनता से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने पर जोर दिया।
समीक्षा के दौरान रेंज में लंबित 2374 मर्ग प्रकरणों, विशेषकर वर्ष 2024 के पूर्व के मामलों, को तत्काल निराकृत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही हत्या जैसे गंभीर मामलों में डीएनए जांच और एफएसएल रिपोर्ट को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र प्राप्त करने को कहा गया।
नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने पर भी जोर दिया गया। निर्देश दिया गया कि पासपोर्ट वेरिफिकेशन का कार्य 15 दिनों के भीतर ऑनलाइन पूरा किया जाए तथा आवेदकों को अनावश्यक रूप से थाने बुलाने की प्रक्रिया समाप्त की जाए।
इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए माइनिंग क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों की नियमित मुसाफिरी दर्ज करने, हाईवे पेट्रोलिंग को प्रभावी बनाने और बाहरी राज्यों में जाने वाली पुलिस टीमों को निर्धारित प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में रायगढ़, मुंगेली, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, कोरबा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जिले के पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस महानिरीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के साथ कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
