पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर चिकित्सा सेवा के प्रति जताया आभार, चिकित्सकों के योगदान की सराहना
संवाददाता अवास कैवर्त जिला गौरेला पेंड्रा मरवाही
पेंड्रा। समाज के प्रति चिकित्सकों की समर्पित सेवा, मानवता के प्रति उनके योगदान तथा स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट कार्यों के सम्मान स्वरूप सोनांचल एकेडमी के संचालक जनार्दन श्रीवास एवं गोविंद श्याम ने जिले के प्रतिष्ठित चिकित्सकों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मान किया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों का किया सम्मान
सम्मानित होने वाले चिकित्सकों में डॉ. मिंज (बीएमओ, पेंड्रा), डॉ. देवेंद्र पैकरा (सिविल सर्जन एवं शिशु रोग विशेषज्ञ), डॉ. मार्को (एमडी), डॉ. मुदलियार (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. भरत भूषण त्रिपाठी (शिशु रोग विशेषज्ञ) तथा डॉ. प्रशांत रात्रे (एमबीबीएस) शामिल रहे। इस दौरान जनार्दन श्रीवास एवं गोविंद श्याम ने सभी चिकित्सकों का आत्मीय स्वागत करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।
चिकित्सक समाज के सच्चे सेवक हैं
इस अवसर पर जनार्दन श्रीवास एवं गोविंद श्याम ने कहा कि चिकित्सक केवल बीमारियों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे समर्पित चिकित्सकों का सम्मान करना उनके प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा-सा प्रयास है।
चिकित्सकों ने जताया आभार
सम्मान प्राप्त करने के बाद चिकित्सकों ने सोनांचल एकेडमी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सम्मान चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों का उत्साहवर्धन करता है तथा समाज और चिकित्सकों के बीच विश्वास एवं सहयोग को और अधिक मजबूत बनाता है।
