कोंडागांव, 16 अगस्त 2025: पूरे देश की तरह कोंडागांव में भी भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर यादव समाज गोवर्धन सेवा समिति द्वारा श्रीराधा कृष्ण मंदिर में भव्य जन्माष्टमी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी। दोपहर 1:00 बजे श्रीराधा कृष्ण मंदिर से नगर के मुख्य मार्गों पर एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की झांकियों ने सभी का मन मोह लिया।
शोभायात्रा में पारंपरिक राउत नाचा का आयोजन भी किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह का विशेष आकर्षण खींचा। सैकड़ों की संख्या में यादव समाज के सदस्य इस आयोजन में शामिल हुए, वहीं बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भी भाग लेकर आयोजन को भव्यता प्रदान की।
शहर में चारों ओर भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को उल्लासपूर्वक मनाया।
