बिलासपुर रेंज पुलिस मुख्यालय में गुरुवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति स्थानांतरण पर एक गरिमामयी और आत्मीय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग के सानिध्य में संपन्न हुआ।
समारोह के दौरान आईजी गर्ग ने आंजनेय वार्ष्णेय के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि श्री वार्ष्णेय ने अपने कार्यकाल में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ अनुशासन और कार्यकुशलता की मिसाल पेश की है। आईजी ने उन्हें युवा अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
अपने संबोधन में आईजी गर्ग ने कहा कि आंजनेय वार्ष्णेय एक सत्यनिष्ठ और सफल अधिकारी रहे हैं, जिनकी साइबर अपराधों पर मजबूत पकड़ और सामुदायिक पुलिसिंग के प्रति समर्पण विभाग के लिए बड़ी उपलब्धि रही है।
उल्लेखनीय है कि श्री वार्ष्णेय ने 23 अप्रैल 2025 से 08 मई 2026 तक सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य करते हुए अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे पहले भी वे धमतरी और कोंडागांव जैसे नक्सल प्रभावित जिलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
इस अवसर पर श्री वार्ष्णेय ने सम्मान के लिए आईजी श्री गर्ग और पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्थानांतरण के बाद भी यदि विभाग को उनकी आवश्यकता होगी तो वे हमेशा सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे।
विदाई समारोह में उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा सहित बिलासपुर रेंज कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री वार्ष्णेय को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
