अपहरण के बाद महिला व तीन वर्षीय मासूम की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, फरसगांव पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार

कोण्डागांव/फरसगांव 24 दिसंबर 2025 | फरसगांव थाना क्षेत्र में गुमशुदा महिला और उसके तीन वर्षीय मासूम बेटे की अपहरण के बाद नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य तीन आरोपियों सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। इस जघन्य वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

 

पुलिस के अनुसार गुम इंसान महिला श्रीमती भगवती सेठिया एवं उसके तीन वर्षीय बालक की हत्या कर शवों को उड़ीसा के नवरंगपुर जिले में इंद्रावती नदी व तालाब में फेंक दिया गया था। महिला का शव कोसागुंडा थाना क्षेत्र जिला नवरंगपुर अंतर्गत इंद्रावती नदी से उड़ीसा पुलिस द्वारा बरामद किया गया, जिसके बाद मामले में हत्या का खुलासा हुआ।

 

मामले का संक्षिप्त विवरण

दिनांक 06 दिसंबर 2025 को पीड़ित आमदेव महावीर निवासी सिरपुर ने थाना फरसगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बहन श्रीमती भगवती सोठिया (26 वर्ष), निवासी गुहाबोरंड, अपने पति रोहित सेठिया के साथ विवाह के बाद से प्रताड़ना झेल रही थी और 22 नवंबर 2025 से अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ लापता है। रिपोर्ट पर गुम इंसान क्रमांक 49/2025 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

 

महिला एवं मासूम के लापता होने की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोण्डागांव पंकज चन्द्रा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोशलेंद्र देव पटेल तथा एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विकासचंद राय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मोबाइल सीडीआर और टावर लोकेशन के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।

 

पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह

जांच में सामने आया कि भगवती सोठिया का विवाह वर्ष 2020 में रोहित सेठिया से हुआ था। विवाह के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ना की जा रही थी। इसी दौरान रोहित का बसंती सेठिया के साथ प्रेम संबंध स्थापित हो गया। तलाक और भरण-पोषण के मामलों से परेशान होकर रोहित ने अपने सहयोगियों के साथ पत्नी और मासूम बेटे को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

 

घटना का भयावह सच

22 नवंबर 2025 को रोहित सेठिया ने अपने साथियों के साथ भगवती को विशाखापटनम घुमाने का झांसा देकर मायके सिरपुर से गाड़ी में बैठाया। उड़ीसा रोड जयपुर के पास सुनसान जंगल में महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को इंद्रावती नदी में पत्थर बांधकर फेंक दिया गया। मासूम बच्चे का भी गला घोटकर निर्मम हत्या करने के बाद सिंगसाड़ी नामक सुनसान जगह के पास तालाब में पत्थर बांधकर फेंक दिया गया।

 

घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता से मामला उजागर हो गया। मर्ग क्रमांक 15/2025 दर्ज कर जांच की गई तथा आरोपियों की निशानदेही पर मासूम के शव को भी जल्द बरामदगी की जाएगी। फिलहाल उड़ीसा के सरकारी अस्पताल में गुम महिला के शव का पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर ली गई है।

 

फरसगांव थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 166/2025 धारा 61(2), 140(1), 103(1), 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले में मुख्य आरोपी रोहित सेठिया, उसकी प्रेमिका बसंती प्रधान, माता उर्मिला सेठिया, पिता बसंतचंद सोठिया सहित कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही अपराध में सहयोग करने वाले रिश्तेदारों को भी गिरफ्त में लिया गया है।

 

इस पूरे मामले में फरसगांव पुलिस, साइबर सेल प्रभारी, उप निरीक्षक राजीव गोटा एवं पुलिस स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Post