Anp News Live Nagpur राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) में शामिल होने वाले हजारों परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने व्यापक तैयारियां की हैं। 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के दौरान सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में सभी विभागों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
रेलवे के अनुसार नागपुर मंडल क्षेत्र में विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने की संभावना है। नागपुर में 29 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 11,983, छिंदवाड़ा में 4,143, बालाघाट में 3,028, गोंदिया में 2,289, राजनांदगांव में 1,982 तथा भंडारा में 960 परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी, गोंदिया, राजनांदगांव, भंडारा, बालाघाट और छिंदवाड़ा सहित प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं। यहां रेलवे कर्मचारी, स्काउट्स एवं गाइड्स तथा सिविल डिफेंस के प्रशिक्षित स्वयंसेवक विद्यार्थियों को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
रेलवे प्रशासन द्वारा स्टेशनों पर दिशा-सूचक बोर्ड, स्टैंडी फ्लेक्स और सूचना पट्ट लगाए जा रहे हैं, जिनमें परीक्षा केंद्रों की दूरी, उपलब्ध परिवहन सुविधाएं और संभावित यात्रा समय की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। इससे बाहरी क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में आसानी होगी।
यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष रेल सेवाओं के संचालन और चयनित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने की व्यवस्था भी की गई है। वहीं पर्याप्त पेयजल, खाद्य सामग्री, स्वच्छ प्रतीक्षालय, टिकट बुकिंग और उद्घोषणा सेवाओं को भी मजबूत किया गया है।
रेलवे ने ट्रेनों के संचालन और यात्री सुविधाओं की निगरानी के लिए विशेष वार रूम और कंट्रोल रूम सक्रिय किए हैं, जहां वरिष्ठ अधिकारी 24 घंटे निगरानी रखेंगे और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने सभी NEET परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि वे समय से पहले स्टेशन पहुंचें और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाकर सुरक्षित एवं तनावमुक्त यात्रा करें।
