रायगढ़: घर की नींव से निकले कोबरा के 27 अंडे, 10 बेबी स्नेक का रेस्क्यू; बेडरूम में घुसे 5 फीट लंबे नाग को भी पकड़ा गया

रायगढ़। मानसून के आगमन के साथ रायगढ़ जिले में सांप निकलने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। ओडिशा सीमा से लगे कांदादोड़ा गांव में एक घर की नींव के नीचे कोबरा के 27 अंडे मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। वहीं शहर के अतरमुड़ा क्षेत्र में एक पांच फीट लंबा भारतीय नाग घर के बेडरूम में घुस गया, जिसे रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, हमीरपुर क्षेत्र के कांदादोड़ा गांव निवासी जगतराय भोय के घर में लगातार तीन दिनों तक कोबरा के बच्चे दिखाई दिए। पहले दिन एक, दूसरे दिन एक और तीसरे दिन फिर एक बेबी कोबरा निकलने के बाद परिवार ने सर्परक्षक एनिमल रेस्क्यू टीम को सूचना दी।

सूचना मिलते ही टीम के अध्यक्ष विनितेश तिवारी के नेतृत्व में रवि मिरी, सुमित बेहरा और विक्की चौहान मौके पर पहुंचे। टीम ने घर की नींव के समीप करीब डेढ़ से दो फीट तक खुदाई की। जांच के दौरान वहां कोबरा के 27 फूटे हुए अंडे मिले। इनमें से अधिकांश बच्चे पहले ही बाहर निकल चुके थे, जबकि मौके से 10 बेबी कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। सभी को बाद में प्राकृतिक आवास वाले जंगल में छोड़ दिया गया।

इधर, सोमवार शाम अतरमुड़ा टीवी टावर रोड निवासी उमेश कुमार चौधरी के घर के बेडरूम में करीब पांच फीट लंबा भारतीय नाग घुस आया। सूचना मिलने पर रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक नाग को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।

मानसून के दौरान सांपों के बिलों में पानी भर जाने के कारण वे सुरक्षित स्थानों की तलाश में घरों की ओर रुख कर रहे हैं। ऐसे में विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें। इससे मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

Related Post