सहयोग चौपाल में पुलिस ने ग्रामीणों को किया जागरूक, साइबर ठगी और नशामुक्ति पर दी जानकारी पुलिस-जनता के बीच संवाद बढ़ाने पावड़ा में आयोजित हुआ कार्यक्रम

कोंडागांव, 30 मई 2026 | कोंडागांव जिले में थाना बड़े डोंगर क्षेत्र के ग्राम पावड़ा में शनिवार को सहयोग चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अभिनव उपाध्याय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। चौपाल में जनपद सदस्य, सरपंच, उपसरपंच, पटेल, गायता, पुजारी सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और ग्रामीणजन शामिल हुए।

 

चौपाल के दौरान ग्रामीणों को साइबर ठगी, यातायात नियमों, नशामुक्ति, बच्चों एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों, नवीन कानूनों तथा भूमि विवादों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को साइबर अपराधों से बचाव और कानूनों के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।

 

कार्यक्रम में ग्रामीणों को हल्बी एवं गोंडी भाषा में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि सहयोग चौपाल का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने का प्रयास करना है। इस दौरान ग्रामीणों से उनकी समस्याओं और स्थानीय मुद्दों की जानकारी भी ली गई।

Related Post