कोण्डागांव, 05 जून 2025: जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोण्डागांव के तत्वावधान में आगामी 09 जून, सोमवार को लाईवलीहुड कॉलेज परिसर में एक दिवसीय प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। यह कैम्प प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक चलेगा। इसमें विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 170 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।
इंस्टाकार्ट सर्विस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 10 डिलीवरी बॉय और 10 डिलीवरी गर्ल की भर्ती की जाएगी। उम्मीदवार की शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण एवं आयु सीमा 10 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को ₹15,000 से ₹20,000 मासिक वेतन मिलेगा। आवेदकों के पास मोटरसाइकिल या स्कूटी का होना अनिवार्य है।
प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा 40 आतिथ्य (हॉस्पिटैलिटी) और 40 इलेक्ट्रिकल पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 8वीं उत्तीर्ण 18 से 35 वर्ष की आयु सीमा वाले युवक-युवतियां पात्र होंगे। वेतन ₹10,000 से ₹15,000 रहेगा।
गारमेंट फैक्ट्री कोण्डागांव द्वारा 10 लाइन सुपरवाइजर (केवल युवतियों), 30 सिलाई ऑपरेटर और 30 अन्य ऑपरेटर पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 5वीं से 12वीं तक निर्धारित है। वेतन ₹5,000 से ₹9,500 तक रहेगा।
प्लेसमेंट कैम्प में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, निवास एवं जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो एवं दस्तावेजों की छायाप्रति के साथ उपस्थित होना होगा।
जिला रोजगार कार्यालय ने स्थानीय युवाओं से इस कैम्प में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रोजगार अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
