तमनार जनसुनवाई विरोध पर शांति वार्ता सफल

रायगढ़।तमनार क्षेत्र में जनसुनवाई के विरोध में चल रहे धरना-प्रदर्शन के बीच जिला प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई शांति वार्ता से क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में बड़ी सफलता मिली है। लगातार दो दिनों के प्रयासों के बाद प्रशासन और प्रभावित 14 ग्रामों के प्रतिनिधिमंडल के बीच सकारात्मक वातावरण में वार्ता संपन्न हुई।

धौराभाठा जनसुनवाई को लेकर हुई विस्तृत चर्चा

शांति वार्ता के दौरान धौराभाठा बाजार मैदान में 8 दिसंबर 2025 को आयोजित जनसुनवाई से संबंधित विषयों और उसके निरस्तीकरण की प्रक्रिया पर गहन चर्चा की गई। जिला प्रशासन ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि जनसुनवाई में प्राप्त सुझावों के आधार पर नियमानुसार निस्तारण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी बिंदुओं पर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कलेक्टर-एसपी की मौजूदगी में हुई अहम बैठक

उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन विगत दो दिनों से प्रभावित ग्रामों के प्रतिनिधिमंडल के साथ निरंतर संवाद बनाए हुए था। इसी क्रम में रविवार देर शाम तमनार जनपद पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में प्रशासन और प्रतिनिधिमंडल के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने पर बनी सहमति

बैठक के उपरांत जिला प्रशासन एवं प्रतिनिधिमंडल, दोनों पक्षों ने क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी प्र⁷कार की कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने देने पर सहमति व्यक्त की। बैठक में प्रभावित 14 ग्रामों के जनप्रतिनिधि, ग्रामीण पुरुष एवं महिलाएं उपस्थित रहे। सभी ने शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखते हुए प्रशासन के साथ सहयोग करने का आश्वासन दिया।

Related Post