कोंडागांव, 18 दिसंबर 2025 | जिले के एक शासकीय विद्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्राचार्य कक्ष के बाहर काला धागा, पुतला और कटा हुआ नींबू मिला। इस घटना के सामने आने के बाद विद्यालय परिसर में भय और आशंका का माहौल बन गया है। मामला सामने आते ही यह पूरे कोंडागांव में चर्चा का विषय बन गया है।
यह पूरा मामला कोंडागांव विकासखंड के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करंजी का है।
जानकारी के अनुसार प्राचार्य कक्ष सामान्यतः बंद रहता है, लेकिन बीते कुछ दिनों में अलमारी चार में से तीन बार खुली हुई पाई गई। इसके बाद जब प्राचार्य कक्ष के बाहर संदिग्ध वस्तुएं रखी हुई दिखाई दीं, तो शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों में दहशत फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि यह किसी असामाजिक तत्व द्वारा डर का माहौल बनाने या तंत्र-मंत्र से जुड़ी गतिविधि के उद्देश्य से किया गया हो सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही विद्यालय प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया। स्थानीय लोगों और ग्रामीणों को बुलाकर स्थिति की जानकारी दी गई। भय और अफवाहों को शांत करने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में सिरहा-गुनिया को बुलाकर पूजा-पाठ भी कराया गया। इसके बावजूद स्कूल का माहौल अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है।
विद्यालय प्राचार्य का कहना है कि कक्ष के बाहर संदिग्ध वस्तुएं रखे जाने से न केवल स्टाफ बल्कि बच्चे भी मानसिक रूप से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों की पहचान करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वहीं, जिला प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए जांच शुरू करने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि यह शरारत भी हो सकती है या किसी की साजिश, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल, इस घटना ने शिक्षा जैसे संवेदनशील माहौल में भय और अंधविश्वास को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। कोंडागांव में यह मामला दिनभर चर्चा का विषय बना रहा और लोग प्रशासन से जल्द खुलासे की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
