Anp News Live, Korba जिले में आगामी सुशासन तिहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने समय-सीमा की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस दौरान प्राप्त होने वाले सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार यह आयोजन 1 मई से 10 जून 2026 तक जिले के शहरी वार्डों और ग्राम पंचायतों में आयोजित किया जाएगा, जहां शिविर लगाकर आम नागरिकों से आवेदन लिए जाएंगे।
हर समस्या का समय पर समाधान
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि—
लंबित राजस्व, पेंशन और राशन कार्ड संबंधी मामलों का प्राथमिकता से निराकरण हो
सभी आवेदनों का तय समय-सीमा में निपटारा कर आवेदकों को जानकारी दी जाए
गर्मी को देखते हुए विशेष इंतजाम
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने शिविर स्थलों पर—
शुद्ध पेयजल
ओआरएस पैकेट
छाया, पंखे और कूलर
स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं एंबुलेंस
की अनिवार्य व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
पेयजल संकट पर सख्त रुख
कलेक्टर ने पूरे जिले में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए—
खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत
जरूरत अनुसार नए बोर खनन
टैंकर से पानी आपूर्ति
सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था
करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि ग्रामीणों को नदी या ढोढ़ी का पानी पीने की नौबत नहीं आनी चाहिए।
बिजली और स्वास्थ्य पर भी फोकस
खराब ट्रांसफार्मर मिलने पर तुरंत बदलने के निर्देश
लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने और एडवाइजरी जारी करने को कहा
अवकाश पर रोक, मिशन मोड में काम
सुशासन तिहार के दौरान शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सभी कार्य मिशन मोड में पूरे किए जा सकें।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश
किसानों का पंजीयन 31 मई से पहले अनिवार्य
“ज्ञानभारतम” अभियान के तहत पांडुलिपि सर्वेक्षण में तेजी
कौशल विकास योजनाओं में युवाओं का चयन व प्रशिक्षण
ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं को पूरी तरह ऑनलाइन करने के निर्देश
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सुशासन तिहार का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करना है, जिसके लिए पूरे जिले में सख्ती और सक्रियता के साथ कार्य किया जाएगा।
