शहर के विकास कार्यों को गति देने और सार्वजनिक परिसंपत्तियों के प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर कुणाल दुदावत ने नगर निगम कोरबा क्षेत्र अंतर्गत निर्मित एवं निर्माणाधीन प्रमुख भवनों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपूर्ण कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कर भवनों का अधिकतम, बहुउद्देश्यीय और जनहितकारी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर ने नगर निगम सभागार, पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन हॉल, विवेकानंद शैक्षणिक परिसर, ट्रांसपोर्ट नगर स्थित मल्टीलेवल पार्किंग तथा अशोक वाटिका का जायजा लिया और संबंधित विभागों से प्रगति व उपयोगिता की जानकारी प्राप्त की।

नगर निगम सभागार होगा आधुनिक सुविधाओं से लैस
कलेक्टर ने नगर निगम के नवीन सभागार भवन का विशेष निरीक्षण करते हुए इसके सौंदर्यीकरण और सुविधाओं पर जोर दिया। उन्होंने सभागार के बाहरी हिस्से में आकर्षक रंग-रोगन, बेहतर लाइटिंग, हरियाली विकसित करने तथा मुख्य द्वार पर एलईडी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
आंतरिक निरीक्षण के दौरान मंच विस्तार, बेहतर वेंटिलेशन, उच्च गुणवत्ता के साउंड सिस्टम, पब्लिक व मीडिया गैलरी की सुव्यवस्थित व्यवस्था, प्रोजेक्टर-स्क्रीन की सुविधा तथा दीवारों व कॉरिडोर को आकर्षक रूप देने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि सभागार को बहुउद्देश्यीय बनाकर इसका अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
कन्वेंशन हॉल बनेगा साइंस एग्ज़ीबिशन व प्लेनेटेरियम सेंटर
रिस्दी मार्ग स्थित पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन हॉल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने इसे विद्यार्थियों के लिए साइंस एग्ज़ीबिशन सेंटर के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने इसे प्लेनेटेरियम सेंटर के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव और कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे जिले में विज्ञान, नवाचार और शैक्षणिक गतिविधियों को नई पहचान मिलेगी।
विवेकानंद शैक्षणिक परिसर के लिए चरणबद्ध कार्ययोजना के निर्देश
कलेक्टर ने विवेकानंद शैक्षणिक परिसर का निरीक्षण कर प्रत्येक कक्ष और उपलब्ध संसाधनों के उद्देश्यपूर्ण उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट एवं चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार करने, आवश्यक संसाधनों और समय-सीमा तय कर परिसर को शीघ्र उपयोग में लाने के निर्देश दिए।
मल्टीलेवल पार्किंग से मिलेगा ट्रैफिक जाम से राहत
ट्रांसपोर्ट नगर स्थित निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शेष निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बेसमेंट व ग्राउंड फ्लोर का उपयोग पार्किंग के लिए और ऊपरी तल का व्यावसायिक उपयोग किया जाएगा।
उन्होंने टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करने, रैम्प, ग्रिल व सुरक्षा संबंधी कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि यह परियोजना शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएगी और नागरिकों को व्यवस्थित पार्किंग सुविधा देगी।
अशोक वाटिका को बनाया जाएगा आकर्षक सार्वजनिक स्थल
कलेक्टर ने अशोक वाटिका का निरीक्षण कर रोशनी की कमी और रखरखाव में लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने वाटिका को सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए सुरक्षित और आकर्षक मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, फाउंटेन को पूर्ण रूप से चालू करने, झूले व खेल सुविधाएं बढ़ाने, बैठक व्यवस्था सुधारने तथा नियमित साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर आयुक्त विनय मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने अंत में स्पष्ट किया कि सभी परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जाएगी और गुणवत्ता व समयबद्धता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
