मुंबई की रफ्तार थमी: मूसलाधार बारिश से लोकल ट्रेन और मोनो रेल तक ठप, यात्रियों में हड़कंप

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मंगलवार रात से जारी मूसलाधार बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी है। बीते 48 घंटों में हुई भारी बारिश ने सड़कों से लेकर लोकल ट्रेनों तक का संचालन प्रभावित कर दिया है।

 

दादर स्टेशन पर रेल पटरियों और बाहर की सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे लोकल ट्रेनें घंटों तक ठप रहीं। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली यह सेवा ठप पड़ने से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

 मोनो रेल एलिवेटेड ट्रैक पर फंसी, यात्रियों का रेस्क्यू

 

वहीं, वाशी गांव इलाके के पास एलिवेटेड मोनो रेल बिजली सप्लाई बाधित होने से अचानक रुक गई। करीब 100 यात्री लगभग एक घंटे तक ट्रेन के अंदर फंसे रहे। इस दौरान यात्रियों में अफरातफरी और घबराहट का माहौल बन गया।

बाद में प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर क्रेन की मदद से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 MMRDA का बयान

मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) ने इस घटना पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा—

"मैसूर कॉलोनी स्टेशन के पास एक मोनो रेल इलेक्ट्रिक सप्लाई बाधित होने के कारण एलिवेटेड ट्रैक पर रुक गई थी। हमारी संचालन और रखरखाव टीमें मौके पर मौजूद हैं और समस्या को जल्द ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है।"

 हालात बेकाबू, कई ट्रेनें रद्द

लगातार हो रही भारी बारिश के चलते कुर्ला, सायन, माटुंगा, किंग सर्कल और ठाणे जैसे निचले इलाकों में जलभराव हो गया है। कई मुख्य मार्ग बंद पड़े हैं और कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है।

 फिलहाल मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मुंबई और आसपास के इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यावश्यक स्थिति को छोड़कर घरों से बाहर न निकलें।

Related Post