विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत राजनीतिक दलों की बैठक संपन्न 8.33 लाख से अधिक मतदाताओं ने जमा किए गणना प्रपत्र

 

रायगढ़। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ रायपुर के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के अंतर्गत आज जिला कलेक्टोरेट स्थित सृजन सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी ने की।

बैठक में कलेक्टर ने जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के प्रारंभिक प्रकाशन की विस्तृत जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी। इस अवसर पर उन्हें मतदाता सूची की बूथवार मुद्रित एवं डिजिटल प्रतियां नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं, ताकि सूची की पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके और किसी प्रकार की त्रुटि पर समय रहते दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सके।

9.14 लाख पंजीकृत मतदाताओं में 8.33 लाख ने जमा किए प्रपत्र

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 9 लाख 14 हजार 669 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से 18 दिसंबर 2025 तक 8 लाख 33 हजार 681 मतदाताओं द्वारा गणना प्रपत्र जमा किए जा चुके हैं। वहीं 58 हजार 553 मतदाताओं के गणना पत्रक एब्सेंट अथवा परमानेंटली शिफ्टेड होने के कारण प्राप्त नहीं हो सके।

18,923 मृत एवं 3,175 दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाता चिन्हित

कलेक्टर ने जानकारी दी कि पुनरीक्षण के दौरान 18 हजार 923 मृत मतदाता पाए गए हैं, जबकि 3 हजार 175 ऐसे मतदाता चिन्हित किए गए हैं, जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं। ऐसे मामलों में नियमानुसार मतदाता का नाम केवल एक ही स्थान पर रखा जाएगा।

प्रपत्र जमा न होने के कारण बताए गए

उन्होंने बताया कि कई मामलों में बीएलओ को मतदाता नहीं मिले या गणना प्रपत्र वापस नहीं किया गया। इसके प्रमुख कारण यह रहे कि संबंधित मतदाता अन्य राज्य या केंद्र शासित प्रदेश में मतदाता बन चुके हैं, लंबे समय से अनुपस्थित हैं, 18 दिसंबर 2025 तक प्रपत्र जमा नहीं किया गया या फिर किसी कारणवश मतदाता के रूप में पंजीकरण की इच्छा नहीं जताई गई।

दावा-आपत्ति की अवधि 23 दिसंबर से 22 जनवरी 2026

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि वास्तविक पात्र मतदाता, जिनके नाम किसी कारणवश सूची से छूट गए हैं, वे दावा एवं आपत्ति चरण के दौरान 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक पुनः मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इस प्रक्रिया के माध्यम से मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन किया जाएगा।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए निर्वाचन प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।

Related Post