यूपीएससी, पीएससी, व्यापम, बैंकिंग और रेलवे सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी होगी बिल्कुल नि:शुल्क
मरवाही। जिले के प्रतिभाशाली और होनहार विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अब लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं होगी। मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची ने सोमवार को विधायक नि:शुल्क कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पूजा-अर्चना कर सेंटर का उद्घाटन किया गया। कोचिंग सेंटर में यूपीएससी, पीएससी, व्यापम, बैंकिंग, रेलवे सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पूरी तरह निःशुल्क कराई जाएगी।
विधायक प्रणव मरपच्ची ने कहा कि “हमारे क्षेत्र के कई प्रतिभाशाली विद्यार्थी संसाधनों और मार्गदर्शन की कमी के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं में पीछे रह जाते हैं। यह सेंटर पूरी तरह नि:शुल्क होगा ताकि हर बच्चा सही समय पर उचित मार्गदर्शन प्राप्त कर सके और अपने सपनों को साकार कर पाए।”
उन्होंने आगे कहा कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही आदिवासी बहुल जिला है, यहां के बच्चों में अपार प्रतिभा है। यह कोचिंग सेंटर उन्हें सही प्लेटफॉर्म और अवसर प्रदान करेगा।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष लालजी यादव, जनार्दन श्रीवास सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
मरवाही में शुरू हुआ यह नि:शुल्क कोचिंग सेंटर शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा और युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता की नई दिशा देगा।
