कोंडागांव/रायपुर, 23 दिसंबर 2025/ छत्तीसगढ़ शासन गृह (पुलिस) विभाग मंत्रालय द्वारा प्रशासनिक आधार पर राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों का तबादला आदेश जारी किया गया है। सोमवार को जारी आदेश के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) एवं उप पुलिस अधीक्षक (DSP) स्तर के कई अधिकारियों को वर्तमान पदस्थापना से हटाकर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी सूची के अनुसार कोंडागांव जिले में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कौशलेंद्र देव पटेल का स्थानांतरण बस्तर जिले में किया गया है। अब वे उप सेनानी, 5वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के पद पर अपनी सेवाएं देंगे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल कोंडागांव जिले में अपने उत्कृष्ट कार्य के लिए जाने जाते रहे हैं। उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग व्यवस्था में सुधार के लिए पूरी निष्ठा, तत्परता और अनुशासन के साथ कार्य किया, जिसकी सराहना आमजन और विभागीय स्तर पर भी होती रही है।
वहीं उपपुलिस अधीक्षक (DSP) कासी प्रसाद मरकाम का स्थानांतरण राजनांदगांव जिले में किया गया है, जबकि उपपुलिस अधीक्षक (DSP) भुनेश्वरी पैकरा को शक्ति जिले में नई पदस्थापना दी गई है। इसके अलावा भी कई ASP–DSP अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।
पुलिस विभाग का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा।
तबादला आदेश जारी होने के बाद सभी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र ही अपने-अपने नवीन पदस्थापना स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
