कोंडागांव | 4 सितंबर 2025: जिला मुख्यालय अंतर्गत नेशनल हाईवे 30 पर बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि करीब 2:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। लोह अयस्क से भरी एक तेज़ रफ्तार ट्रक डिवाइडर तोड़कर विपरीत दिशा में जाकर बंधा तालाब में घुस गई। हादसे में ट्रक चालक और परिचालक को मामूली चोटें आईं, दोनों सुरक्षित हैं।
सूत्रों के अनुसार, ट्रक बचेली निवासी चालक नीलेश कुमार चला रहे थे, जो बचेली से रायपुर की ओर लोह अयस्क लेकर जा रहे थे। बंधा तालाब के समीप अचानक ब्रेक लगाने पर ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए तालाब में जा घुसी।

गनीमत यह रही कि ट्रक तालाब किनारे लगे बिजली के खंभे से नहीं टकराई और दूसरी दिशा से आ रहे वाहनों से भी टक्कर टल गई, जिससे एक बड़ी जनहानि से बचाव हुआ।
हादसे की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच चुकी है। गुरुवार सुबह 9 बजे तक घटना स्थल पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई, जिसके चलते प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था को वन-वे कर दिया है।
फिलहाल प्रशासन ने राहत और क्रेन की मदद से ट्रक को तालाब से निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के कारण कुछ देर के लिए हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा।
