राजनांदगांव। नेता प्रतिपक्ष द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल पर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पार्षद एवं शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय जनभागीदारी अध्यक्ष रवि सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले एक दशक में विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। ऐसे में केवल राजनीतिक लाभ के लिए दिए जा रहे अनर्गल बयान वास्तविकता से कोसों दूर हैं।
रवि सिन्हा ने कहा कि मोदी जी के बारे में टिप्पणी करने से पहले नेता प्रतिपक्ष को उनके समकक्ष कार्य करने की क्षमता और जनसेवा का उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। केवल आरोप लगाने और भ्रम फैलाने से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता। जनता यह भली-भांति जानती है कि देश को मजबूत नेतृत्व किसने दिया है और विकास की नई ऊंचाइयों तक कौन लेकर गया है।
उन्होंने कहा कि “झूठ के पांव नहीं होते” और बार-बार तथ्यों से परे बयान देकर नेता प्रतिपक्ष अपनी ही विश्वसनीयता को कमजोर कर रहे हैं। देश और प्रदेश की जनता अब राजनीतिक नौटंकी और आधारहीन आरोपों को समझ चुकी है। जनता विकास, सुशासन और परिणाम देखती है, न कि केवल बयानबाजी।
रवि सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करोड़ों गरीबों को आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन, नल जल, स्वास्थ्य सुरक्षा और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ मिला है। भारत आज विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो रहा है और यह सब मजबूत नेतृत्व एवं दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।
उन्होंने नेता प्रतिपक्ष को सलाह देते हुए कहा कि वे निराधार आलोचना करने के बजाय जनता के हित में सकारात्मक सुझाव दें और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करें। जनता आगामी समय में भी विकास और राष्ट्रहित की राजनीति को ही अपना समर्थन देगी।
