कोरबा पुलिस ने 10,000 लीटर अवैध शराब किया नष्ट, पारदर्शी प्रक्रिया में बड़ी कार्रवाई

कोरबा पुलिस द्वारा आज पुलिस लाइन परिसर में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों में जप्त लगभग 10,000 लीटर अवैध मदिरा का विधिवत नष्टीकरण किया गया। यह नष्टीकरण छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 1866 न्यायालय निराकृत प्रकरणों के अंतर्गत की गई जब्ती पर किया गया।

इसमें 7565 लीटर महुआ शराब, 1356 लीटर देशी शराब तथा 990 लीटर अंग्रेजी शराब शामिल रही।

प्रकरणों में सर्वाधिक योगदान थाना कटघोरा (346), बांकीमोंगरा (209) और बांगो (200) का रहा।

यह कार्यवाही कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा गठित समिति की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से प्राप्त स्वीकृति प्रमाण-पत्र के अनुसार पूरी पारदर्शिता एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप की गई। संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी कराई गई।

गौरतलब है कि इससे पूर्व 852 लावारिस वाहनों की नीलामी एवं 652 विसरा प्रकरणों का नष्टीकरण भी किया जा चुका है।

इस पहल से थानों में स्थान की उपलब्धता, स्वच्छता और सुव्यवस्था को बढ़ावा मिला है। पुलिस अधिकारियों के लिए कार्यस्थल अब अधिक सुरक्षित व व्यवस्थित हुआ है।

कोरबा पुलिस द्वारा इस प्रकार की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रखी जाएगी।

Related Post