सायबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी से नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस और भारतीय स्टेट बैंक शाखा जांजगीर की संयुक्त टीम ने कचहरी चौक में साइबर जन जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को साइबर क्राइम, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया की सुरक्षित उपयोग विधियाँ और डिजिटल लेन-देन में सावधानी बरतने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
लोगों को दी गई महत्वपूर्ण सलाह–
अपना पिन और OTP किसी के साथ साझा न करें।
अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
अजनबी का फ्रेंड रिक्वेस्ट एक्सेप्ट न करें।
पी.एम. किसान योजना ऐप या अन्य संदिग्ध लिंक डाउनलोड न करें।
टेलीग्राम टास्क या अधिक लाभ देने वाले शेयर ट्रेडिंग स्कीम से बचें।
ऑनलाइन शॉपिंग के लिए हमेशा अधिकृत और विश्वसनीय वेबसाइट का उपयोग करें।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) और SBI प्रबंधक ज्योत्सना सिंह के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार, और SBI प्रबंधक चांपा एवं नैला शाखा भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाने के उपाय बताना था।
