जांजगीर पुलिस का अपराधियों पर कसा शिकंजा: 34 फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, 166 बदमाशों की हुई निगरानी

जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जांजगीर पुलिस ने असामाजिक तत्वों व फरार वारंटियों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिले के थाना-चौकियों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत कुल 34 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

अभियान के दौरान थाना स्तर पर निगरानी व गुंडा बदमाशों की गतिविधियों की बारीकी से जांच की गई। वर्तमान में जिले में कुल 166 निगरानी व गुंडा बदमाश दर्ज हैं, जिनमें 73 निगरानी बदमाश और 93 गुंडा बदमाश शामिल हैं।

थाना जांजगीर, नैला, अकलतरा, नवागढ़, पामगढ़, शिवरीनारायण, बिर्रा, बम्हनीडीह, मुलमुला और अजाक थाना क्षेत्रों से इन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। साथ ही उपस्थित बदमाशों को सख्त हिदायत दी गई कि वे शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश न करें, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिले में लगातार अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों को निगरानी व गुंडा सूची में शामिल करने की प्रक्रिया भी तेजी से जारी है।

जांजगीर-चाम्पा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे सघन अभियान आगे भी चलते रहेंगे, ताकि जिले में कानून का राज बना रहे और आम जनता सुरक्षित महसूस कर सके।

Related Post