छुरिया:राजनांदगांव में पद्मश्री फूलबासन यादव के कथित अपहरण प्रयास मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। सामने आ रही खबरों के आधार पर कांग्रेस नेता चुम्मन साहू ने भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पर सीधा हमला बोला है।
चुम्मन साहू ने कहा कि “स्व सहायता समूह में काम नहीं मिलने की नाराजगी अगर अपहरण जैसी गंभीर घटना में बदल रही है, तो यह भाजपा सरकार की योजनाओं की असफलता का स्पष्ट प्रमाण है।”
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पर निशाना साधते हुए कहा, “मुख्यमंत्री बड़े-बड़े मंचों से सुशासन और विकास के दावे करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि लोगों को काम नहीं मिल रहा और उनकी नाराजगी अब अपराध का रूप ले रही है।”
साहू ने तंज कसते हुए कहा, “भाजपा सरकार में ‘सुशासन तिहार’ सिर्फ प्रचार का माध्यम बनकर रह गया है। अगर वास्तव में सुशासन होता, तो लोगों को रोजगार के लिए भटकना नहीं पड़ता और न ही इस तरह की घटनाएं सामने आतीं।”
उन्होंने आगे कहा कि यह घटना प्रशासनिक लापरवाही और सरकार की नीतियों की कमजोरी को उजागर करती है। “जब जनता को योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिलता, तो असंतोष बढ़ता है और उसका परिणाम इस तरह की घटनाओं के रूप में सामने आता है,”।
चुम्मन साहू ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सरकार को केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन कारणों को भी दूर करना चाहिए जिनसे ऐसी स्थिति पैदा होती है।
अंत में उन्होंने कहा, “यह घटना भाजपा सरकार के सुशासन के दावों की सच्चाई दिखाती है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को इसका जवाब जनता को देना चाहिए कि आखिर प्रदेश में ऐसी नौबत क्यों आ रही है।”
