हिंदी पत्रकारिता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

पीथमपुर। औद्योगिक नगरी पीथमपुर में बुधवार को हिंदी पत्रकारिता दिवस नगर प्रेस क्लब द्वारा बड़े ही धार्मिक और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर नगर के पत्रकारों ने न केवल हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा को याद किया, बल्कि आपसी मेलजोल और पत्रकारिता की एकजुटता को भी मजबूती दी।

 

देखें वीडियो 

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुई। नगर प्रेस क्लब के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ज्ञान, सत्य और निष्पक्षता के प्रतीक पत्रकारिता को नमन किया। इसके पश्चात उपस्थित जनों को मिठाई वितरित कर सामूहिक रूप से पत्रकार दिवस की शुभकामनाएं साझा की गईं।

अध्यक्ष ने बताया पत्रकारिता का स्वर्णिम इतिहास

इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष विशाल कुमरावत, राकेश खंडेलवाल ने बताया कि हिंदी पत्रकारिता की नींव 30 मई 1826 को रखी गई थी, जब "उदंत मार्तंड" नामक पहला हिंदी समाचार पत्र पंडित जुगल किशोर शुक्ल के संपादन में प्रकाशित हुआ। यह दिन भारतीय पत्रकारिता में एक मील का पत्थर साबित हुआ और तभी से 30 मई को हिंदी पत्रकारिता दिवस के रूप में पूरे देश में मनाया जाता है।

इस आयोजन में राकेश खंडेलवाल, प्रदीप द्विवेदी, संदीप राणा, मनीष मीणा, वीरेंद्र जायसवाल, अभिषेक खंडेलवाल, नवीन भारती, जीवन डोडिया, उपेंद्र कश्यप सहित अनेक पत्रकार साथी उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर पत्रकारिता की सशक्त भूमिका पर विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के अंत में क्लब के सचिव राजेश शर्मा ने सभी अतिथियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों को नई ऊर्जा और एकजुटता का अहसास कराते हैं।

Related Post