दिल दहला देने वाला हादसा, तखतपुर में तेज रफ्तार कार ने ली तीन की जान, दो गंभीर घायल

न्यायधानी बिलासपुर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। शनिवार दोपहर तखतपुर क्षेत्र के ग्राम बिनोरी मोड़ के पास एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का मंजर इतना भयावह था कि राहगीरों की रूह कांप उठी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक पवन रात्रे (काठाकोनी), सुरेश वासुदेव (खजूरी नवागांव) और विजय राजपूत अपने दो अन्य साथियों मोनू यादव और जयंत वैष्णव के साथ बिलासपुर से प्लंबिंग का काम कर लौट रहे थे। वे सभी कार क्रमांक CG10 AF 2097 में सवार थे।

 

जैसे ही दोपहर करीब 2:30 बजे उनकी कार बिनोरी मोड़ के पास पहुंची, कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधी एक पक्की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मोनू यादव और जयंत वैष्णव को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

 

हादसे की सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। और आगे की जांच जारी है।

Related Post