कोंडागांव, 16 दिसम्बर 2025 | छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा राज्य के रजत जयंती वर्ष 2025 के उपलक्ष्य में मंगलवार को धनकुल जोहार एथेनिक रिसॉर्ट, कोंडागांव में भव्य चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रतियोगिता का आयोजन धनकुल जोहार एथेनिक रिसॉर्ट, कोंडागांव के प्रभारी अधिकारी आर. एन. तिवारी के तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एन. एन. राय (प्राचार्य, डी.ए.वी. स्कूल), नरेंद्र कुमार नायक (प्राचार्य, बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय) एवं ताप्ती राय (शिक्षिका, आदेश्वर पब्लिक स्कूल) उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में खेम वैष्णव, राजेंद्र राव एवं सरला यादव शामिल रहे। प्रतिभागियों ने अपनी चित्रकला के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यटन स्थलों तथा जनजीवन को आकर्षक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना तथा छत्तीसगढ़ के पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
