Anp News Live, Korba प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में “सुशासन तिहार 2026” का आज उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ शुभारंभ हुआ। यह अभियान शासन की पारदर्शिता, जवाबदेही और जन-केंद्रित कार्यप्रणाली का सशक्त उदाहरण बनकर उभर रहा है, जिसमें प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहा है।
सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य शासन और आमजन के बीच दूरी कम करना, सेवा वितरण प्रणाली को मजबूत बनाना और योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना है। इसके तहत जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से जनसुनवाई शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर ही समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं।
इसी क्रम में कटघोरा विकासखंड के ग्राम धनरास में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर में विभागीय स्टॉल के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई और प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निराकरण किया गया, जिससे लोगों में संतोष और विश्वास का माहौल बना।
इस दौरान जमनीपाली निवासी किसान किताब सिंह कंवर को कृषि विभाग द्वारा 1.5 एचपी इलेक्ट्रिक मोटरपंप प्रदान किया गया। करीब साढ़े तीन एकड़ भूमि में खेती करने वाले किताब सिंह कंवर को अब समय पर सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी, जिससे उनकी कृषि उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।
किताब सिंह कंवर ने खुशी जताते हुए कहा कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब शिविरों के माध्यम से मौके पर ही समाधान मिल रहा है। साथ ही योजनाओं की जानकारी भी सीधे मिल रही है, जिससे लाभ लेने में आसानी हो रही है।
उन्होंने इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह के प्रयास प्रदेश के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।
