अलर्ट से एक्शन तक: केमिकल रिसाव की ‘रिहर्सल’ में बालको की सुरक्षा मशीनरी फुल एक्टिव मोड में

Anp News Live, Korba औद्योगिक सुरक्षा के उच्च मानकों को बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपने पावर डिवीजन में रासायनिक रिसाव (केमिकल स्पिलेज) से निपटने के लिए सफलतापूर्वक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। यह अभ्यास 29 अप्रैल 2026 को बालकोनगर स्थित 1200 मेगावाट यूनिट-3 एवं 4 के केमिकल प्रोसेस यूनिट (सीपीयू) के कास्टिक सोडा टैंक क्षेत्र में संपन्न हुआ।

इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता का परीक्षण करना था। कार्यक्रम में कोरबा जिला प्रशासन और विभिन्न आपातकालीन सेवाओं के अधिकारी उपस्थित रहे, जिससे अभ्यास को वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप संचालित किया जा सका।

ड्रिल के दौरान कास्टिक सोडा टैंक के फ्लैंज से केमिकल रिसाव की आभासी स्थिति निर्मित की गई। जैसे ही रिसाव की जानकारी मिली, ऑपरेटर ने तुरंत सेंट्रल कंट्रोल रूम को अलर्ट किया। इसके बाद फायर, मेडिकल, सिक्योरिटी और रेस्क्यू टीमों को सक्रिय कर मौके पर भेजा गया। सभी टीमों ने तय सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए त्वरित कार्रवाई की और स्थिति को नियंत्रित किया।

रिसाव को सफलतापूर्वक रोकने के बाद साइट इंसिडेंट कंट्रोलर द्वारा आपातकाल समाप्त घोषित किया गया और समीक्षा बैठक आयोजित कर पूरे ऑपरेशन का विश्लेषण किया गया।

इस दौरान औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर विजय सिंह पोटाई ने बालको की सुरक्षा व्यवस्था, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली और टीमों के बेहतर समन्वय की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की मॉक ड्रिल औद्योगिक और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक राजेश कुमार ने कहा कि संयंत्र में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस प्रकार के अभ्यास ‘सुरक्षा प्रथम’ संस्कृति को और सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने बताया कि नियमित प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक और बेहतर समन्वय के माध्यम से कंपनी अपने कर्मचारियों और आसपास के समुदाय की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

 इस सफल मॉक ड्रिल ने एक बार फिर साबित किया कि बालको किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और तैयार है।

Related Post