कोरबा। जिला कोरबा की जेल से शनिवार दोपहर चार विचाराधीन बंदियों के फरार हो जाने की घटना ने प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा दिया है। यह घटना दोपहर लगभग 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब बंदियों ने जिला जेल परिसर के भीतर गौशाला की दीवार फांदकर फरार होने का दुस्साहस किया।
फरार बंदियों की पहचान इस प्रकार की गई है:
राजा कंवर (22 वर्ष), निवासी भुलसीडीह, चौकी रजगामार, थाना बालको नगर, जिला कोरबा।
दशरथ सिदार (19 वर्ष), निवासी पोड़ीबहार नीचे मोहल्ला, थाना बालको नगर, जिला कोरबा।
सरना सिंकू (26 वर्ष), निवासी लालघाट मुंडा मोहल्ला, थाना बालको नगर, जिला कोरबा।
चंद्रशेखर राठिया (20 वर्ष), निवासी कमतरा, थाना घड़घोरा, जिला रायगढ़।
सभी आरोपी विचाराधीन थे और विभिन्न मामलों में न्यायिक हिरासत में जिला जेल कोरबा में बंद थे। जेल प्रशासन के अनुसार, उक्त चारों बंदियों ने जेल परिसर में स्थित गौशाला की दीवार को पार कर भागने की योजना को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। थाना सिविल लाइन, रामपुर में अपराध क्रमांक 466/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 262 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। बंदियों की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया है तथा आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी की जा रही है।
पुलिस की अपील
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि फरार आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो तो तुरंत कोरबा कंट्रोल रूम (9479193399) या थाना सिविल लाइन प्रभारी (9479280226 / 7693913611) को सूचित करें। पुलिस ने यह भी आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
जेल से विचाराधीन बंदियों के इस तरह फरार होने की घटना ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
