पुलिस पर जानलेवा हमले में चार आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास समेत 8 धाराओं में FIR दर्ज

थाना बांगो क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडों से किए गए हमले के मामले में कोरबा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना को लेकर FIR क्रमांक 94/2025 दर्ज की गई है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 191(2), 191(3), 190, 221, 296, 121(1), 132 और 109 सहित हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा और जातिसूचक गाली-गलौज जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।

ग्राम बगबुड़ा निवासी राजेश सोनी की शिकायत पर आरक्षक अनिल कुमार पोर्ते, अभिषेक पाण्डेय व गजेन्द्र बिंझवार जब मौके पर पहुंचे, तो पूछताछ के दौरान संदिग्ध भंजू यादव ने आरक्षक अनिल कुमार पर हमला कर दिया। इसके बाद भंजू के परिजनों—लक्ष्मण यादव, लाल अहिबरन, विश्राम यादव और भजन यादव—ने भी पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

हमले में घायल पुलिसकर्मी किसी तरह जान बचाकर थाना पहुंचे और घटना की सूचना दी। मामला संज्ञान में लेते ही पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चारों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पुलिसकर्मियों पर हमला एक अत्यंत गंभीर अपराध है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Post