कोण्डागांव, 11 अगस्त 2025: वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कोण्डागांव जिले के मर्दापाल में 'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में भाग लिया। इस राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत यात्रा में 200 मोटरसाइकिलों पर सवार जनप्रतिनिधि और ग्रामीण देशभक्ति के नारों के साथ शामिल हुए।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप ने क्षेत्र के विकास के लिए 96 लाख रुपये लागत के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने ग्रामीणों से हर घर तिरंगा अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी का मूल्य नई पीढ़ी को समझाना जरूरी है।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सरकार सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ कार्य कर रही है।
लोकार्पण एवं भूमिपूजन के प्रमुख कार्य:
लखपुरी में वनरक्षक आवास भवन (5.47 लाख रु.)
मर्दापाल में परिक्षेत्र अधिकारी भवन (15.32 लाख रु.)
गोलावण्ड में वनपाल आवास भवन (8.05 लाख रु.)
हंगवा नाला में स्टॉप डेम (15.30 लाख रु.)
मुलनार में दो पुलिया (13.98 लाख रु.)
कोरमेल में बाजार शेड, सीसी रोड एवं गार्बेज डिस्पोजल (23.51 लाख रु.)
हसलनार में पुलिया (6.99 लाख रु.)
घोषित विकास कार्य:
ग्राम हतकली में हाई स्कूल की स्वीकृति
ग्राम मलनार, मंगवाल, चांगरे में हैंडपंप
ग्राम खोड़सानार में मोबाइल टावर
ग्राम खण्डाम, चेरंग, मांझीपारा (पुसपाल), टेकापाल में देवगुड़ी निर्माण
ग्राम चमई में माध्यमिक शाला
एकला विद्यालय कांगा और कन्या हायर सेकेण्डरी विद्यालय में वाद्य यंत्र की स्वीकृति
इस मौके पर पूर्व विधायक सेवकराम नेताम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशोदा कश्यप, जनपद अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जनपद उपाध्यक्ष टोमेन्द्र ठाकुर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल स्वतंत्रता दिवस की भावना को जन-जन तक पहुँचाना था, बल्कि विकास कार्यों के माध्यम से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति देना भी रहा।
