औरामाइन कलर की आशंका पर खाद्य विभाग का सघन अभियान

रायगढ़-राज्य नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन एवं कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर तथा उप संचालक एवं अभिहित अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में औरामाइन कलर की संभावित मिलावट को देखते हुए संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण कर नमूने एकत्र किए गए।

किराना व लघु उद्योग इकाइयों से लिए गए नमूने

खाद्य सुरक्षा टीम ने शुक्रवार को मेसर्स माखिजा किराना स्टोर, विजयपुर, रायगढ़ से रोस्टेड चना (खुला) का नमूना लिया। वहीं इसी दिन मेसर्स भवानी लघु उद्योग, ओम विहार कॉलोनी के सामने, रायगढ़ से शर्करा आधारित खाद्य पदार्थों के कुल पांच नमूने संग्रहित किए गए। इनमें रवलगांव लोको कैंडी (पैक्ड), लोट्स सर्फिनी कैंडी, ओम फन कोला मिनी पॉप लॉलीपॉप (पैक्ड), कैंडी लेक गोल्डपान (पैक्ड) तथा रवलगांव पानपसंद (पैक्ड) शामिल हैं।

होटल एवं पान गृह में भी जांच

इसके अलावा मंगलवार को मेसर्स कविता जल पान गृह, जयस्तंभ चौक, ग्राम धौराभाटा से पनीर (खुला) एवं आलू मसाला (खुला) के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई तथा स्वच्छता बनाए रखने एवं नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

प्रयोगशाला भेजे गए नमूने, रिपोर्ट के बाद कार्रवाई

प्रशासन द्वारा संग्रहित सभी खाद्य नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

टीम और अधिकारियों की मौजूदगी

इस कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती सरिता पटेल एवं श्री शांतनु भट्टाचार्य के साथ कर्मचारी अमित साहू (लैब अटेंडेंट) तथा श्री संतोष दास (लैब टेक्नीशियन) उपस्थित रहे।

जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता: अभिहित अधिकारी

जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन की अभिहित अधिकारी श्रीमती सुधा चौधरी ने बताया कि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से आगे भी नियमित रूप से जांच अभियान और नमूना परीक्षण की कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

Related Post