डबल इंजन सरकार नए कामों में फेल, कांग्रेस सरकार के कार्यों का फीता काटकर ले रही श्रेय – चुम्मन साहू

 

तीन वर्षों में एक भी बड़ा नया काम नहीं करा पाए भाजपा नेता, 132 केवी उपकेंद्र के दोबारा लोकार्पण पर उठाए सवाल?

राजनांदगांव। कांग्रेस नेता चुम्मन साहू ने प्रदेश की भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर विकास कार्यों के नाम पर राजनीतिक श्रेय लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार अपने तीन वर्षों के कार्यकाल में क्षेत्र के लिए कोई बड़ा नया विकास कार्य नहीं करा पाई है, इसलिए कांग्रेस सरकार के समय स्वीकृत और निर्मित परियोजनाओं का बार-बार लोकार्पण कर वाहवाही लूटने का प्रयास किया जा रहा है।

चुम्मन साहू ने कहा कि भाजपा सरकार विकास के बजाय “री-लॉन्च राजनीति” कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन परियोजनाओं को कांग्रेस सरकार ने स्वीकृति दी और जिनका निर्माण पूरा हो चुका था, आज उन्हीं कार्यों का उद्घाटन कर भाजपा अपनी उपलब्धियां बताने में जुटी हुई है।

उन्होंने विशेष रूप से भंडारपुर स्थित 132 केवी उच्चदाब विद्युत उपकेंद्र का मामला उठाते हुए कहा कि इस परियोजना का 4 मई 2026 को मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, सांसद तथा जिला पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में वर्चुअल लोकार्पण किया जा चुका है। इस संबंध में शासकीय जनसंपर्क विभाग द्वारा समाचार भी जारी किया गया था और शिलालेख पर संबंधित जनप्रतिनिधियों के नाम अंकित हैं।

साहू ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद उसी विद्युत उपकेंद्र के पुनः लोकार्पण के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखे जाने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने इसे हास्यास्पद बताते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को यह स्पष्ट करना चाहिए कि एक ही परियोजना का आखिर कितनी बार लोकार्पण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में कोई नई और बड़ी विकास परियोजना स्वीकृत कर धरातल पर उतारी है तो उसे जनता के सामने रखा जाए। लेकिन वास्तविकता यह है कि भाजपा नेता कांग्रेस सरकार के समय किए गए कार्यों का श्रेय लेने के अलावा कोई ठोस उपलब्धि नहीं गिना पा रहे हैं।

चुम्मन साहू ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने क्षेत्र के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी थी और उनका क्रियान्वयन कराया था। आज उन्हीं कार्यों को अपनी उपलब्धि बताकर भाजपा सरकार जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता यह भली-भांति समझ रही है कि विकास कार्यों की नींव किसने रखी और कौन केवल फीता काटकर राजनीतिक लाभ लेने में व्यस्त है।

उन्होंने भाजपा सरकार से आग्रह किया कि वह प्रचार और श्रेय लेने की राजनीति छोड़कर नए विकास कार्यों की स्वीकृति, अधूरी परियोजनाओं को पूरा करने तथा जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से काम करे। साहू ने दावा किया कि जनता आने वाले समय में भाजपा सरकार की कार्यशैली का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।

Related Post