कोंडागांव, 8 जुलाई 2025 – भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ कोंडागांव के तत्वावधान में आयोजित राज्य पुरस्कार पूर्वाभ्यास शिविर का समापन सोमवार को शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल, चिपावंड में हुआ। पांच दिवसीय इस शिविर का आयोजन 3 जुलाई से 7 जुलाई तक किया गया, जिसमें जिले भर से स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर, एनएसएस और छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि कोंडागांव की जिला कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना रहीं। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, "जीवन में तीन बातों को जरूर अपनाएं – पर्यावरण संरक्षण, आत्मसुरक्षा और निरंतर अध्ययन। हर व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा जरूर लगाए, जिससे धरती को हरा-भरा बनाया जा सके।" उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपायों के पालन की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम चिपावंड की सरपंच सुश्री सूरज नेताम ने की, जबकि विशिष्ट अतिथियों में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती प्रधान, उपसरपंच धनसिंह मरकाम, शाला विकास समिति अध्यक्ष तुलसी पटेल, पंचगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में "एक वृक्ष मां के नाम" अभियान के तहत 200 पौधे लगाए गए। इसमें स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर, एनएसएस और स्कूल के 450 से अधिक छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही। कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने काजू का पौधा लगाकर इस अभियान का शुभारंभ किया।
शिविर के आयोजन और सफलता में जिला संगठन आयुक्त भीषभदेव साहू, गाइड आयुक्त संजना हरमीट, वरिष्ठ सलाहकार ऋषिदेव सिंह, प्रशिक्षण आयुक्त श्यामलाल कोर्राम एवं नीलम श्रीवास्तव, हाई वुड बैज (HWB) रोवर व रेंजर और स्कूल स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
विद्यालय के प्राचार्य चंद्रेश चतुर्वेदी, आलोक मेश्राम, मोहनलाल बोगा, मधु ध्रुव, संगीता बघेल व अन्य शिक्षकों ने शिविर को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
