Anp news live ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड परिसर में 11 सितंबर को आयोजित प्रधानमंत्री आवास गृह प्रवेश कार्यक्रम, पंचायत पदाधिकारी एवं लखपति दीदी सम्मेलन तथा विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उद्यान विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी स्टॉल लगाया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अध्यक्ष के रूप में शामिल हुए।
उद्यान विभाग के प्रदर्शनी स्टॉल के माध्यम से किसानों और हितग्राहियों को विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी गई। विभाग के संचालक लोकेश चंद्राकर और प्रभारी संयुक्त संचालक नीरज साहा की उपस्थिति में सहायक संचालक उद्यान संजना बंजारे ने किसानों को योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराई।
प्रदर्शनी स्टॉल के अवलोकन के दौरान केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री को भी उद्यान विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों तथा योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं विभागीय योजनाओं से जुड़े हितग्राही किसानों को योजनाओं के लाभ और उनसे संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम के समापन के बाद उद्यान विभाग के संचालक लोकेश चंद्राकर और प्रभारी संयुक्त संचालक नीरज साहा ने शासकीय उद्यान रोपणी डोंडकी, जिला सक्ती तथा सहायक संचालक उद्यान कार्यालय, जिला सक्ती का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान रोपणी की व्यवस्थाओं और पौध उत्पादन से जुड़े कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने मातृवृक्षों के थालों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, मातृवृक्षों की आवश्यक छंटाई करने तथा नर्सरी में पौध उत्पादन की गुणवत्ता बनाए रखने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए।
इसके अलावा रोपणी परिसर में उपलब्ध निचले प्लॉट के समतलीकरण को लेकर भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। अधिकारियों ने पौध उत्पादन और रोपणी की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि गुणवत्तापूर्ण पौध तैयार करने की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।
निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक उद्यान श्रीमती संजना बंजारे, उद्यान अधीक्षक खिरोद कुमार, उद्यान विकास अधिकारी जागेश्वर प्रसाद राठिया, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी विश्राम सिंह तथा माली मोहन सिदार उपस्थित रहे।
