डिजिटल रणनीति, बूथ प्रबंधन और जनकल्याणकारी योजनाओं पर कार्यकर्ताओं को मिला प्रशिक्षण
कोंडागांव, 30 मई 2026 | भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित दो दिवसीय दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 का शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित आहूजा पैलेस हॉल में समापन हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, डिजिटल संवाद और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार की जानकारी दी गई।

भाजपा जिला अध्यक्ष सेवकराम नेताम के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण में कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक संरचना, सोशल मीडिया प्रबंधन तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के गुर सिखाए गए।

समापन सत्र में भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल ने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और जनसंपर्क के माध्यम से संगठन की ताकत हैं।
कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक लता उसेंडी, विधायक नीलकंठ टेकाम, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। नेताओं ने प्रशिक्षण वर्ग को संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
